फिर थमी केदारनाथ यात्रा, गौरीकुंड के पास भूस्खलन से मार्ग बंद; भारी बारिश का अलर्ट

फिर थमी केदारनाथ यात्रा, गौरीकुंड के पास भूस्खलन से मार्ग बंद; भारी बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच चारधाम यात्रा (Chardham Yatra) एक बार फिर प्रभावित हो गई है। दो दिन के अंतराल के बाद गुरुवार सुबह शुरू हुई केदारनाथ यात्रा को गौरीकुंड के पास हुए ताजा भूस्खलन के कारण दोबारा रोक दिया गया। प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अगले आदेश तक आवाजाही बंद कर दी है।

जिला प्रशासन के अनुसार गौरीकुंड पैदल मार्ग पर भारी मलबा और चट्टानें गिरने से रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया है। वहीं सोनप्रयाग क्षेत्र में पहाड़ियों से लगातार पत्थर गिरने की घटनाओं के चलते भी यात्रा को रोकने का फैसला लिया गया। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर राहत एवं मार्ग बहाली के कार्य में जुटी हैं।

लगातार बारिश के चलते रुद्रप्रयाग जिले में अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। संभावित आपदा को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तरकाशी, देहरादून, चमोली, पौड़ी, टिहरी और ऊधमसिंह नगर में येलो अलर्ट लागू है।

हालांकि बदरीनाथ यात्रा फिलहाल जारी है। चमोली जिले में भूस्खलन से बाधित बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग को राहत एवं बचाव टीमों ने देर रात खोल दिया, जिससे यात्रियों को राहत मिली है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।