देहरादून : जन-जन की सरकार जनता के द्वार को आधार बनाकर धामी सरकार अब राज्य के जिलों में जाकर कैबिनेट कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्वाचन क्षेत्र जनपद चंपावत के बनबसा में रविवार यानी कल पहली कैबिनेट होगी। देहरादून से बाहर आयोजित होने वाली इस कैबिनेट बैठक को प्रशासनिक के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक को लेकर शासन और सचिवालय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
एनएचपीसी परिसर में सुबह 11 बजे होगी बैठक
चार अक्तूबर को सुबह 11 बजे बनबसा स्थित एनएचपीसी परिसर में कैबिनेट बैठक प्रस्तावित है। बैठक में राज्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। विभिन्न विभागों की ओर से प्रस्तुत किए जाने वाले प्रस्तावों पर भी कैबिनेट विचार कर सकती है। इनमें स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, परिवहन और पर्यटन समेत अन्य विभागों से जुड़े विषय शामिल हो सकते हैं। हालांकि, बैठक में अंतिम रूप से कौन-कौन से प्रस्ताव रखे जाएंगे और किन पर निर्णय होगा, यह कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत होने वाले एजेंडे पर निर्भर करेगा।
पहले भी देहरादून से बाहर हो चुकी हैं कैबिनेट बैठकें
उत्तराखंड में देहरादून से बाहर कैबिनेट बैठक आयोजित करने की परंपरा नई नहीं है। वर्ष 2010 में तत्कालीन मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की सरकार ने गंगा प्रदूषण के खिलाफ अभियान के दौरान हरिद्वार की हरकी पैड़ी में कैबिनेट बैठक की थी। वर्ष 2012 में तत्कालीन मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के कार्यकाल में चमोली जिले के गैरसैंण में कैबिनेट बैठक आयोजित हुई थी। इसके बाद हरीश रावत सरकार के दौरान भी हरिद्वार, अल्मोड़ा और केदारनाथ में कैबिनेट बैठकें आयोजित की गई थीं।
गैरसैंण में विधानसभा सत्र कराने की तैयारी
इसी बीच उत्तराखंड विधानसभा का सत्र 26 अक्तूबर से पहले आयोजित किया जाना है। सरकार की ओर से सत्र को गैरसैंण में आयोजित कराने की तैयारी की जा रही है। इस संबंध में कैबिनेट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया है। अब सत्र की अंतिम तारीख और स्थान को लेकर औपचारिक निर्णय होना बाकी है।
22 से 24 अक्तूबर के बीच सत्र की संभावना
सूत्रों के अनुसार विधानसभा सत्र 22 से 24 अक्तूबर के बीच आयोजित किया जा सकता है। हालांकि, इन तारीखों को लेकर अभी अंतिम औपचारिक निर्णय नहीं हुआ है। चुनावी वर्ष में गैरसैंण में विधानसभा सत्र आयोजित होने की स्थिति में पर्वतीय क्षेत्रों से जुड़े विषयों, विकास और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा को विशेष महत्व मिलने की संभावना है।
प्रस्तावों और तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा शासन
बनबसा में प्रस्तावित कैबिनेट बैठक और विधानसभा सत्र की संभावित तैयारियों के बीच शासन स्तर पर संबंधित विभागों से प्रस्ताव और आवश्यक जानकारी जुटाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि बनबसा में होने वाली कैबिनेट बैठक में सरकार किन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लेती है और आगामी विधानसभा सत्र के लिए क्या एजेंडा तैयार किया जाता है।
