लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने आरोप लगाया कि जातिवादी और सोशल मीडिया द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के खिलाफ भ्रामक सर्वेक्षणों का प्रचार प्रसार किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सावधान रहने और चुनावी तैयारियों को ध्यान देने की अपील की है।
बसपा प्रमुख ने शनिवार काे सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर लिखा कि 2027 में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन आम चुनाव में पार्टी के अच्छे व दमदार उम्मीदवारों के चयन सहित सघन ज़मीनी तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बीच जातिवादी और सोशल मीडिया अभी से ही षडयंत्र के तहत धनबल के दुरुपयोग के सहारे फेक व ध्यान भटकाने वाला सर्वे आदि का मिथ्या प्रचार शुरू कर दिया है, जिसमें स्वाभाविक तौर पर बसपा को निशाना बनाया जाना, यह अति-दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है।
वैसे यहां यह कड़वी वास्तविकता भी उल्लेखनीय है कि जातिवादी मीडिया द्वारा चुनाव के दौरान बसपा के विरुद्ध हमेशा ही मिथ्या व अनर्गल प्रचार किया जाता है। यहां तक कि सन् 2007 में भी इनका बर्ताव ऐसा ही जातिवादी व द्वेषपूर्ण रहा था, जबकि बसपा ने तमाम लोगों के क़यासों व उम्मीदों पर पानी फेरते हुये पूर्ण बहुमत की अपनी सरकार बनायी थी। फिर यूपी में सबके साथ न्याय करने के लिए ‘क़ानून द्वारा क़ानून का राज’ कायम करने सहित ’सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ के नये संवैधानिक कल्याणकारी युग की शुरूआत हुई थी।
इसीलिए यूपी में पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज से त्रस्त सर्वसमाज से तथा ख़ासकर ’बहुजन समाज’ के लोगों से यही अपील है कि वे विरोधी पार्टियों तथा जातिवादी तत्वों के साम, दाम, दण्ड, भेद आदि हथकण्डों सहित सभी प्रकार के मिथ्या व दुष्प्रचार आदि से ज़रूर सावधान रहें।
