देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मियांवाला, देहरादून में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा करीब ₹8.64 करोड़ की लागत से विकसित ‘जल सृष्टि पार्क’ का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने इसे स्वच्छ, स्वस्थ और हरित देहरादून की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्क आधुनिक सुविधाओं और प्राकृतिक सौंदर्य का समन्वय है, जहां बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए विभिन्न सुविधाएं विकसित की गई हैं। पार्क के निर्माण में पुराने तालाब को समाप्त करने के बजाय उसका पुनर्जीवन किया गया है। तालाब के बीच आइलैंड और पेडल बोटिंग की सुविधा विकसित की गई है, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगी।
जल स्रोतों का संरक्षण हमारी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जल और जंगल भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। पुराने तालाबों और जल स्रोतों का संरक्षण केवल पर्यावरण बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपनी विरासत और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने का प्रयास भी है।
उन्होंने कहा कि विकास का अर्थ केवल कंक्रीट के ढांचे खड़े करना नहीं, बल्कि लोगों का जीवन आसान बनाना, शहर को सुंदर रखना और पर्यावरण की रक्षा करना भी है। उन्होंने कहा कि देहरादून की प्राकृतिक पहचान और हरियाली को बनाए रखते हुए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है।
रायपुर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पार्क, सीवर और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यों को गति दी जा रही है। पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए ट्यूबवेल और ओवरहेड टैंक तथा पाइपलाइन से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। वहीं, बाढ़ और जलभराव की समस्या से राहत के लिए नदियों और बरसाती नालों पर बाढ़ सुरक्षा एवं चैनलाइजेशन के कार्य भी किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देहरादून की बढ़ती पेयजल जरूरतों को देखते हुए सौंग डैम परियोजना पर भी कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है।
पार्क में हर आयु वर्ग के लिए सुविधाएं
एमडीडीए द्वारा विकसित जल सृष्टि पार्क में जॉगिंग ट्रैक, योगा डेक, चिल्ड्रन पार्क, एजुकेशनल फ्लावर गार्डन, लैंडस्केपिंग, हरित क्षेत्र और बैठने की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। पुराने तालाब के पुनर्जीवन के साथ विकसित आइलैंड और पेडल बोटिंग पार्क को विशेष आकर्षण प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों से पार्क को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार पार्क और सुविधाओं का निर्माण कर सकती है, लेकिन उनकी देखभाल करना समाज की भी साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों और युवाओं से पार्क का अधिक से अधिक उपयोग करने तथा इसकी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, मेयर सौरभ थपलियाल, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी सहित वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
