जगदलपुर: सड़क दुर्घटना में घायल पुलिस जवानों का हाल जानने के लिए वन मंत्री केदार कश्यप सोमवार को डिमरापाल स्थित कॉन्टिनेंटल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती जवानों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मंत्री ने घायल जवानों के परिवारों से भी बातचीत कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
मंत्री कश्यप ने अस्पताल के एजीएम डॉ. संतोष कुमार सिंह से जवानों के इलाज और उनकी रिकवरी की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों को आवश्यक उपचार और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। मौके पर महारानी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अनुरूप साहू भी मौजूद रहे।
बता दें कि 23 अगस्त को केदार कश्यप फरसागुड़ा-भानपुरी से कोंडागांव के एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान भानपुरी थाना क्षेत्र में कोंडागांव की ओर से आ रही एक स्कॉर्पियो काफिले के पायलट वाहन को पार करते समय मंत्री के वाहन के मिरर से टकरा गई। इसके बाद वह स्पेयर वाहन और फिर फॉलो वाहन से टकरा गई।
इस हादसे में फॉलो वाहन का चालक और पुलिस जवान घायल हो गए। दुर्घटना के बाद तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल जवानों को आगे के इलाज के लिए जगदलपुर रेफर किया गया।
सोमवार को अस्पताल पहुंचकर मंत्री ने घायलों के उपचार की स्थिति जानी और परिजनों को भरोसा दिलाया कि इलाज में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी। फिलहाल सभी घायल जवानों का उपचार डॉक्टरों की निगरानी में जारी है।
