एक झटके में उजड़ गई खुशियां, डंपर की टक्कर से कार सवार चार लोगों की मौत

एक झटके में उजड़ गई खुशियां, डंपर की टक्कर से कार सवार चार लोगों की मौत

बाराबंकी: बाराबंकी में मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे (Road Accident) में चार लोगों की जान चली गई, जबकि आठ साल की बच्ची जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। मसौली थाना क्षेत्र के बांदा-बहराइच मार्ग पर डंपर और कार की जोरदार भिड़ंत के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसा बिंदौरा चौराहे के पास उस समय हुआ, जब कार मुड़ रही थी। इसी दौरान बाराबंकी की ओर से आ रहे डंपर ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए।

राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और बड़ागांव सीएचसी पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में आठ वर्षीय हुदा गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।

बताया गया है कि कार लखनऊ के कमता इलाके के आदर्श नगर निवासी मोहम्मद शरीफ के नाम पर है। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।