2036 ओलंपिक मेजबानी के संकल्प के साथ कांवड़ यात्रा पर रेखा आर्या

2036 ओलंपिक मेजबानी के संकल्प के साथ कांवड़ यात्रा पर रेखा आर्या

देहरादून। उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या (Rekha Arya) ने सोमवार को घोषणा की कि वह भारत को वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी दिलाने के संकल्प के साथ 10 अगस्त को हरिद्वार से ऋषिकेश तक 22 किलोमीटर लंबी पैदल कांवड़ यात्रा निकालेंगी।

उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में रेखा आर्या ने कहा कि यह यात्रा हरिद्वार के हर की पौड़ी से शुरू होकर ऋषिकेश स्थित वीरभद्र मंदिर में जलाभिषेक के साथ संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि भगवान शिव का जलाभिषेक कर भारत को 2036 ओलंपिक की मेजबानी मिलने और देश को खेलों के क्षेत्र में विश्व अग्रणी बनाने का संकल्प लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को खेल महाशक्ति बनाने और वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लक्ष्य से प्रेरित होकर इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। उनका कहना था कि देवभूमि उत्तराखंड हमेशा राष्ट्रीय संकल्पों को नई ऊर्जा देने वाली भूमि रही है और यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ खेल चेतना तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प का भी प्रतीक बनेगी।

रेखा आर्या ने विश्वास व्यक्त किया कि देवभूमि से शुरू होने वाली यह संकल्प यात्रा देशभर के युवाओं में खेलों के प्रति नई प्रेरणा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगी।

उन्होंने बताया कि यात्रा में संत समाज का भी सानिध्य रहेगा। श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के संरक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय महामंत्री महंत हरि गिरि महाराज और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज विभिन्न चरणों में यात्रा में शामिल होंगे। इसके अलावा प्रदेश और देश के खिलाड़ी, युवा, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी यात्रा में सहभागिता करेंगे।

खेल मंत्री ने प्रदेश के युवाओं, खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों, संत समाज और आमजन से 10 अगस्त को आयोजित इस कांवड़ यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सामूहिक संकल्प और जनभागीदारी से भारत खेल महाशक्ति बनने तथा वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।