अटल आवासीय विद्यालयों में 6वीं और 9वीं के दाखिले शुरू, जानें पात्रता, उम्र और आवेदन की पूरी प्रक्रिया

उत्तर प्रदेश के अटल आवासीय विद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। कक्षा 6 और 9 में दाखिले के लिए छात्र 20 नवंबर से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 5 जनवरी 2027 तय की गई है। प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी को होगी।
इन विद्यालयों में पात्र और चयनित बच्चों को निशुल्क शिक्षा दी जाती है। अभिभावक ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।
किसे मिलेगा एडमिशन?
अटल आवासीय विद्यालय योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को प्राथमिकता दी जाती है। आवेदन के लिए अभिभावक का उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण 30 अक्टूबर 2026 तक कम से कम तीन साल पुराना होना चाहिए। एक श्रमिक परिवार के अधिकतम दो बच्चे आवेदन कर सकते हैं।
कोरोना काल में माता-पिता को खोने वाले और महिला एवं बाल कल्याण विभाग में पंजीकृत बच्चे भी पात्र हैं। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के लाभार्थी भी आवेदन कर सकते हैं। आरक्षण में OBC को 27%, SC को 21% और ST को 2% हिस्सेदारी मिलेगी। दिव्यांग बच्चों के लिए भी आरक्षण है।
कक्षा 6 और 9 के लिए उम्र की शर्त
कक्षा 6 में दाखिले के लिए छात्र का पांचवीं में पढ़ना या पास होना जरूरी है। इसके लिए जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होनी चाहिए। कक्षा 9 के लिए आठवीं में अध्ययनरत या उत्तीर्ण छात्र आवेदन कर सकते हैं। उनकी जन्मतिथि 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच होनी चाहिए।
लखनऊ के विद्यालय में 148 सीटें
लखनऊ के सिठौली कला स्थित अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 के लिए 140 सीटें निर्धारित हैं। इनमें 70 सीटें लड़कों और 70 लड़कियों के लिए हैं। कक्षा 9 में लड़कियों के लिए आठ सीटें उपलब्ध हैं। इस प्रक्रिया में लखनऊ मंडल के छह जिले—लखनऊ, लखीमपुर, रायबरेली, सीतापुर, उन्नाव और हरदोई—के पात्र बच्चे शामिल हो सकते हैं।
यहां जमा करें आवेदन
अभिभावक श्रम कार्यालय, जिला प्रोबेशन अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA), जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) या अटल आवासीय विद्यालय से आवेदन फॉर्म मुफ्त में ले सकते हैं। फॉर्म भरने के बाद इन्हीं निर्धारित कार्यालयों में जमा करना होगा। ऑनलाइन आवेदन का विकल्प भी उपलब्ध है।
प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को होगी। इसलिए इच्छुक अभिभावकों को 5 जनवरी की अंतिम तारीख से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
