'मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है', सरेंडर की अपील ठुकराने के बाद मुठभेड़ में लश्कर कमांडर लतीफ भट ढेर

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों ने बुधवार को लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार, भट 11 नवंबर को अखरान में CRPF की चौकी पर हुए हमले में शामिल था। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। उसका साथी उमर निसार डार सोमवार को एक अन्य मुठभेड़ में मारा गया था। दोनों की पहचान CCTV फुटेज के आधार पर की गई थी।
हमले से पहले की थी कई इलाकों की रेकी
पुलिस ने मंगलवार को CCTV फुटेज जारी किया था। इसमें कथित तौर पर उमर निसार डार और लतीफ भट को CRPF चौकी पर हमले से पहले इलाके की रेकी करते देखा गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने 10 नवंबर को मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम सहित कई स्थानों का जायजा लिया था।
जांचकर्ताओं का दावा है कि रेकी के दौरान दोनों ने संभावित ठिकानों की पहचान की और सुरक्षा बलों पर हमले की योजना बनाई। अगले दिन अखरान स्थित CRPF चौकी पर हमला किया गया, जिसके बाद दोनों वहां से भाग निकले।
पांच-छह महीने से आतंकवादी को पनाह दे रहा था डार
पुलिस जांच में सामने आया कि स्थानीय निवासी उमर निसार डार पिछले पांच-छह महीनों से लतीफ भट को पनाह देने और उसकी मदद करने में जुटा था। डार के लापता होने के बाद उसके परिवार ने पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज के विश्लेषण के जरिए दोनों की गतिविधियों और हमले के बाद भागने की जानकारी जुटाई गई। चौकी पर हमले के बाद इलाके में तलाशी अभियान तेज किया गया और पूछताछ के लिए 500 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया।
वीडियो कॉल कर सरेंडर का मौका दिया
बुधवार को मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने लतीफ भट से वीडियो कॉल पर संपर्क कर आत्मसमर्पण करने की अपील की। वीडियो में अधिकारी उसे समझाते हुए कहते हैं, 'हम तुम्हारे साथ हैं।' लेकिन भट ने सरेंडर करने से इनकार करते हुए कहा, 'मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है। मैं बहुत खुश हूं।'
इसके बाद इलाके में अभियान जारी रहा और सुरक्षा बलों ने उसे मार गिराया। घटनास्थल से शव और हथियार बरामद किए गए। अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
अनंतनाग हमले में भी शामिल होने का आरोप
लतीफ भट पर 22 जुलाई को अनंतनाग में पुलिस पर हुए आतंकी हमले में शामिल होने का भी आरोप था। उस घटना में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई थी। कुलगाम में CRPF चौकी पर हमले के बाद से सुरक्षा बल इलाके में लगातार तलाशी अभियान चला रहे थे। बुधवार को लतीफ भट के मारे जाने के साथ इस ऑपरेशन में अहम सफलता मिली है।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
