यूपी की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, यहां चेक करें अपना नाम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के बाद मंगलवार को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी गई। नई सूची में पिछली अंतिम मतदाता सूची के मुकाबले 18 लाख 84 हजार 113 मतदाता अधिक दर्ज किए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणावा की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, अब प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 हो गई है।
नई सूची में पुरुष मतदाताओं की संख्या 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 है। वहीं, महिला मतदाताओं की संख्या 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 और तीसरे लिंग के मतदाताओं की संख्या 4,042 दर्ज की गई है।
महिला मतदाताओं की संख्या में ज्यादा इजाफा
10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में उत्तर प्रदेश में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता थे। इनमें 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61 पुरुष और 6 करोड़ 9 लाख 9 हजार 525 महिलाएं शामिल थीं।
SSR के बाद जारी ड्राफ्ट सूची में पुरुष मतदाताओं की संख्या में 7 लाख 87 हजार 449 की वृद्धि हुई है। दूसरी ओर, महिला मतदाताओं की संख्या 10 लाख 96 हजार 828 बढ़ी है। यानी इस अवधि में पुरुषों की तुलना में महिलाओं के करीब 3 लाख 9 हजार ज्यादा नाम जुड़े हैं।
युवा मतदाताओं के आंकड़े में 5.80 लाख की गिरावट
ड्राफ्ट सूची में 18 से 19 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 11 लाख 83 हजार 352 है। जबकि 10 अप्रैल 2026 की अंतिम सूची में इस आयु वर्ग के 17 लाख 63 हजार 360 मतदाता दर्ज थे। इस तरह इस श्रेणी में 5 लाख 80 हजार 8 मतदाताओं की कमी आई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणावा ने इसकी वजह बताते हुए कहा कि पहले सूची में शामिल 19 साल के कई मतदाता अब 20 वर्ष के हो गए हैं। इसलिए उन्हें 18-19 वर्ष वाले आयु वर्ग में नहीं गिना गया। उनके मुताबिक, पुनरीक्षण के दौरान नए युवा मतदाताओं के नाम जुड़ने पर यह आंकड़ा फिर बढ़ सकता है।
16 दिसंबर तक भर सकेंगे आवेदन
ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में सुधार के लिए दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नागरिक 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
जानिए किस काम के लिए भरना होगा कौन सा फॉर्म
फॉर्म-6: मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए।
फॉर्म-7: किसी नाम को हटवाने या नाम शामिल किए जाने पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए।
फॉर्म-8: पता या अन्य विवरण बदलवाने, EPIC कार्ड बदलवाने और दिव्यांग मतदाता के चिह्नांकन के लिए।
फॉर्म-6A: विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण के लिए।
21 से 29 नवंबर तक चार दिन विशेष अभियान
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और अन्य त्रुटियां ठीक कराने के लिए प्रदेशभर में चार विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे। 21, 22, 28 और 29 नवंबर को BLO अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। नागरिक इन दिनों बूथ पर जाकर मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी ले सकेंगे और जरूरी आवेदन जमा कर सकेंगे। आवेदन फॉर्म भी मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेंगे।
वेबसाइट और ऐप से भी कर सकते हैं जांच
मतदाता अपना नाम ड्राफ्ट सूची में ऑनलाइन भी देख सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in और उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in पर जाना होगा। इसके अलावा ECINET मोबाइल ऐप के जरिए भी मतदाता सूची में नाम की जांच की जा सकती है।
यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में नहीं है तो वह फॉर्म-6 के जरिए आवेदन कर सकता है। इसके साथ पासपोर्ट साइज फोटो, जन्मतिथि और सामान्य निवास के प्रमाण से जुड़े दस्तावेज लगाने होंगे।
निर्वाचन आयोग ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे खुद के साथ अपने परिवार के सदस्यों के नाम भी ड्राफ्ट सूची में जांच लें। दावा-आपत्ति की तय समयसीमा के भीतर जरूरी आवेदन करने से अंतिम मतदाता सूची में नाम शामिल कराने या गलतियों को ठीक कराने का अवसर मिलेगा।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
