गुजरात में नकली ‘रॉयल स्टैग’ शराब का कहर, 3 की मौत; 17 अस्पताल में भर्ती

गुजरात में नकली ‘रॉयल स्टैग’ शराब का कहर, 3 की मौत; 17 अस्पताल में भर्ती

भावनगर: गुजरात के भावनगर जिले में नकली ‘रॉयल स्टैग’ ब्रांड की शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। घटना में दो और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। प्रशासन को जहरीली शराब के सेवन की आशंका है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

मृतकों की पहचान कार्तिक अश्विनभाई मकवाणा (40), उपेंद्रसिंह चंद्रसिंह गोहिल (25) और मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी नरेंद्रसिंह यादव के रूप में हुई है।

17 मरीज अस्पताल में भर्ती

जिला प्रशासन के मुताबिक, फिलहाल 8 मरीज सिविल अस्पताल और 9 मरीज निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश मरीजों की हालत फिलहाल सामान्य है। वहीं एक मरीज की स्थिति गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए जामनगर रेफर किया गया है।

प्रशासन ने संदिग्ध शराब पीने वाले लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देने का इंतजार न करें और तत्काल अस्पताल में जांच कराएं।

सात दोस्तों ने की थी शराब पार्टी

पुलिस जांच में सामने आया है कि घोघा तहसील के खरकड़ी गांव में 16 अगस्त की रात सात दोस्तों ने शराब पार्टी की थी। इसके बाद कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी।

उपेंद्रसिंह गोहिल को सांस लेने में परेशानी, उल्टी और जी मिचलाने की शिकायत हुई। उन्हें भावनगर के सर टी. अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद दो अन्य लोगों ने भी दम तोड़ दिया।

चार बूटलेगर हिरासत में

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला नकली ‘रॉयल स्टैग’ शराब के सेवन से जुड़ा माना जा रहा है। फिलहाल इसे लठ्ठाकांड के तौर पर नहीं देखा जा रहा है।

नकली शराब की कथित सप्लाई के मामले में पुलिस ने चार बूटलेगरों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली शराब कहां तैयार हुई और इसकी सप्लाई किन लोगों तक पहुंची।

सरकार ने SMC को सौंपी जांच

राज्य सरकार ने मामले की जांच स्टेट मॉनिटरिंग सेल (SMC) को सौंप दी है। उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने 18 अगस्त की देर रात अहमदाबाद एयरपोर्ट पर राज्य पुलिस प्रमुख जीएस मलिक, आईबी प्रमुख और अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर समेत वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।

इसके बाद SMC के एसपी मयूर चावड़ा को तत्काल भावनगर भेजा गया और आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम और अन्य जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल प्रशासन और पुलिस की नजर नकली शराब की सप्लाई चेन और उससे जुड़े लोगों पर है।