लखनऊ। आज लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेन्टर में माननीय उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य उत्तर प्रदेश मिनिस्टीरियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ, उ0प्र0 के 60वें प्रान्तीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए वहां उन्होंने कलेक्ट्रेट कर्मचारियों को अधिवेशन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कर्मचारी शासन की योजनाओं और नीतियों को धरातल पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जनता और सरकार के बीच कर्मचारी एक मजबूत कड़ी हैं, इसलिए उनके हितों, सम्मान और सुविधाओं का ध्यान रखना सरकार की प्राथमिकता है।
मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने वर्ष 2017 से लगातार कर्मचारी हितों को प्राथमिकता दी है। वेतन, महंगाई भत्ता, चिकित्सा सुविधा, सेवानिवृत्ति लाभ, सेवा संबंधी व्यवस्थाओं और डिजिटल कार्यप्रणाली को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य किया गया है। राज्य कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते में समय-समय पर वृद्धि की गई तथा महंगाई भत्ता 50 प्रतिशत होने पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों के ग्रेच्युटी लाभ की अधिकतम सीमा बढ़ाकर 25 लाख रुपये किए जाने की व्यवस्था लागू हुई।
उन्होंने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया है। बेसिक शिक्षा क्षेत्र के शिक्षकों एवं कार्मिकों तथा उनके आश्रित परिवारों के लिए वर्ष 2026 में कैशलेस चिकित्सा सुविधा का विस्तार किया गया, जिससे बड़ी संख्या में शिक्षक और कार्मिक लाभान्वित हुए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य कर्मचारी को केवल प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा मानना नहीं, बल्कि विकास यात्रा का महत्वपूर्ण भागीदार मानना है। कलेक्ट्रेट कर्मचारी राजस्व, प्रमाण-पत्र, जनसुनवाई, निर्वाचन, कानून-व्यवस्था सहित अनेक महत्वपूर्ण कार्यों में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। सरकार कर्मचारी हित और जनहित दोनों के बीच बेहतर संतुलन बनाकर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील प्रशासन के लिए कर्मचारियों का सहयोग आवश्यक है। सरकार कर्मचारियों की जायज समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करते हुए विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर सुशील कुमार त्रिपाठी, अत उपाध्याय, नरेन्द्र सिंह, के.पी. सिंह, शैलेन्द्र पटेल, मुकेश कुमार, संजय कुमार शर्मा, जगदीश कुमार निगम, अशोक कुमार मिश्र, राव वास्तव, ओम प्रकाश पाण्डेय, श्रीमती नीरू सिंह, गोपी कृष्ण, शशिभूषण तिवारी, खजान सिंह, दुली चन्द्र शर्मा, विनय कुमार सिंह, विशाख , जिलाधिकारी, राकेश कुमार सिंह एवं प्रदीप वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
