नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विपक्षी दलों के नेताओं पर देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भारत की 140 करोड़ जनता शांति के साथ देश के विकास में योगदान दे रही है, लेकिन कुछ राजनीतिक समूह देश के माहौल को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने विपक्षी दलों की गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता उनके उद्देश्यों को समझ रही है।
नितिन नवीन ने कहा, “नमस्कार। साथियों, आज देश में बेहद ही खतरनाक और गंभीर स्थिति पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। देश की एक सौ चालीस करोड़ जनता जो सुख-शांति के साथ भारत के विकास में सबका सहयोग दे रही है, उसको अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है और ये कौन कर रहे हैं? ये दो अराजकतावादी समूह जिसमें एक इंडी गठबंधन के नेता राहुल गांधी जी और दूसरे गुट का नेतृत्व अरविंद केजरीवाल के सहयोगी कर रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि देश में अस्थिरता पैदा करने की प्रतिस्पर्धा करने वाले समूहों के मंसूबे पूरे नहीं होंगे।
भाजपा अध्यक्ष ने विपक्षी दलों पर जनता के फैसले को स्वीकार करने के बजाय देश को अस्थिर करने की योजना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “आज पूरी तरह से ये कौन लोग हैं? जिनको जनता ने नकार दिया। चाहे वो राहुल गांधी का इंडी गठबंधन हो, चाहे अरविंद केजरीवाल हो और उनका ग्रुप हो। जनता ने जब इनको नकार दिया, लोकतंत्र ने इनको सजा दी। तो उस सजा को पचाने के, उससे सीखने के बजाय आपने इस देश को अस्थिर करने का मंसूबा बना दिया।”
नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि विपक्षी समूह अपने राजनीतिक उद्देश्यों के साथ-साथ विदेशी ताकतों के इशारे पर भी देश को अस्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकटों के बावजूद भारत लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है, लेकिन विपक्ष को देश की प्रगति और उन्नति रास नहीं आ रही है। उनके मुताबिक, भारत की बढ़ती ताकत और विकास को बाधित करने की कोशिशें की जा रही हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने भारत के आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने का जिक्र करते हुए कहा, “जिस प्रकार से आज भारत आत्मनिर्भर भारत के रूप में, सशक्त भारत के रूप में आगे बढ़ रहा है, आप इसको देख नहीं पा रहे हैं और जिस प्रकार से विदेशी ताकतों के इशारे पे आप इसको अस्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं, मैं स्पष्ट रूप से आपको कहता हूं – भारत के लोकतंत्र में इतनी ताकत है, जितने देशभक्त हमारे राष्ट्रभक्त हैं वो सब मिलकर आपके मंसूबे को…” उन्होंने विश्वास जताया कि लोकतंत्र की ताकत और देशभक्त नागरिकों के सहयोग से देश को अस्थिर करने की कोशिशों को नाकाम किया जा सकेगा।
