15 मौतों के 32 दिन बाद चला बुलडोजर! लखनऊ अग्निकांड वाली अवैध इमारत पर बड़ी कार्रवाई

15 मौतों के 32 दिन बाद चला बुलडोजर! लखनऊ अग्निकांड वाली अवैध इमारत पर बड़ी कार्रवाई

लखनऊ: अलीगंज इलाके में हुए भीषण अग्निकांड (Lucknow Fire Tragedy के 32 दिन बाद शनिवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध चार मंजिला इमारत को ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे एलडीए की टीम 3 बुलडोजर और 1 हाइड्रोलिक मशीन के साथ मौके पर पहुंची। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई और आसपास की सड़कों पर बैरिकेडिंग कर यातायात को रोक दिया गया।

गौरतलब है कि बीते 22 जून को इस अवैध चार मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर संचालित एक एनिमेशन कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई थी, जिसमें 15 लोगों की जलकर दर्दनाक मौत हो गई थी। जांच में सामने आया कि आवासीय उपयोग के लिए स्वीकृत इस भवन का नियमों के विपरीत व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा था।

इसके बाद एलडीए ने 10 जुलाई को ध्वस्तीकरण का आदेश जारी करते हुए भवन मालिक को 15 दिन में खुद निर्माण हटाने का समय दिया था। समयावधि समाप्त होने के बाद एलडीए ने यह कार्रवाई शुरू की। वहीं कार्रवाई के दौरान भवन मालिक के अधिवक्ता ने इस कदम का विरोध करते हुए इसे अदालत में चुनौती देने की बात कही है।