वाराणसी को मिली गारमेंट फैक्ट्री की सौगात, PM मोदी ने अरविंद मिल्स के नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का किया लोकार्पण

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गुजरात की कपड़ा निर्माता कंपनी अरविंद लिमिटेड (अरविंद मिल्स) के मिर्जामुराद के खोचवां में लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से करीब 7 एकड़ में बने मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने यहां कार्य का प्रशिक्षण ले रही महिलाओं से सीधा संवाद भी किया।
इस प्लांट से स्थानीय ही नहीं, बल्कि पूर्वांचल के हजारों लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। भर्ती में स्थानीय महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है और 300 से अधिक महिलाओं की भर्ती की जा चुकी है, जिन्हें यूनिट में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस यूनिट में कुल 1,000 महिलाओं को रोजगार देना प्रस्तावित है। यह पहल उत्तर प्रदेश में कपड़ा एवं परिधान निर्माण इकोसिस्टम को मजबूत करेगी।
प्रधानमंत्री ने महिलाओं से किया संवाद
प्लांट के शुभारंभ के बाद प्रधानमंत्री ने मिल के पदाधिकारियों से वहां तैयार किए जा रहे कपड़ों, खादी के वस्त्रों और उनके मटीरियल के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ‘अपना हुनर-अपनी पहचान’ के दृष्टिगत प्लांट में कार्यरत महिलाओं से संवाद किया और उनके काम तथा चुनौतियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। प्रधानमंत्री ने अरविंद मिल्स द्वारा तैयार कपड़ों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, अरविंद मिल्स के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे।
पूर्वांचल में कंपनी का पहला बड़ा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट
पूर्वांचल में अरविंद मिल्स का यह पहला बड़ा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट है। प्लांट शुरू होने के बाद फेस-2 का निर्माण किया जाएगा, जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। काशी की इस नई यूनिट में स्पोर्ट्सवियर और अंडरगारमेंट्स सहित विभिन्न परिधानों का निर्माण होगा। यहां जॉकी, यूएस पोलो और एरो जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड्स के लिए मैन्युफैक्चरिंग की जाएगी।
कपड़ा एवं परिधान उद्योग को मिलेगा बढ़ावा
अरविंद मिल्स धागे और कपड़े से लेकर तैयार परिधानों तथा औद्योगिक इस्तेमाल वाले विशेष वस्त्रों तक का कारोबार करती है। कंपनी की शुरुआत वर्ष 1931 में हुई थी और इसका मुख्यालय अहमदाबाद, गुजरात में है। यह डेनिम के साथ सूती और लिनेन के कपड़े, सूटिंग-शर्टिंग फैब्रिक तथा स्पोर्ट्सवियर बनाती है। कंपनी घरेलू और विदेशी परिधान ब्रांडों को भी कपड़ा उपलब्ध कराती है।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया प्रधानमंत्री का स्वागत
इससे पहले मिर्जामुराद के खोचवां पहुंचने पर हेलीपैड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
