मेरठ से संदिग्ध उजैद गिरफ्तार, पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी से जुड़े होने का शक

उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने मेरठ से उजैद नाम के एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। उस पर पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी और जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार मोहम्मद साजिद के नेटवर्क से जुड़े होने का शक है। जांच में सामने आया है कि उजैद पिछले कुछ महीनों से साजिद के संपर्क में था और दोनों ऑनलाइन बातचीत करते थे।
कश्मीर पुलिस करीब दस महीने से उजैद की तलाश कर रही थी। बताया गया है कि कुछ महीने पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम उसे पकड़ने मेरठ पहुंची थी, लेकिन वह फरार हो गया था। इसके बाद वह लगातार ठिकाने बदल रहा था।
सीधे संपर्क में था या मिला था बिचौलिया?
जांच एजेंसियां पता लगा रही हैं कि उजैद का पाकिस्तानी हैंडलर से सीधा संपर्क था या उसे किसी बिचौलिए के जरिए निर्देश दिए जा रहे थे। साथ ही, फरारी के दौरान उसे मदद और पनाह देने वालों की पहचान भी की जा रही है।
घर पर मिला ताला, परिवार के सदस्य भी गायब
उजैद मेरठ के कोतवाली क्षेत्र स्थित बनियापाड़ा का निवासी है। उसकी गिरफ्तारी के बाद घर पर ताला मिला। बताया गया है कि परिवार के सदस्य वहां से जा चुके हैं। उसके पिता फल के आढ़ती हैं और उजैद उनके साथ कारोबार में काम करता था।
पड़ोसियों को नहीं थी किसी गतिविधि की जानकारी
स्थानीय पड़ोसी मोहम्मद ने उजैद को सीधा-सादा और परिवार को सज्जन बताया। उनके मुताबिक, उजैद का व्यवहार सामान्य था और परिवार के किसी सदस्य की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मोहल्ले में नहीं थी। अब जांच एजेंसियां उसके ऑनलाइन संपर्कों, कथित नेटवर्क और मददगारों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
