THDC Tunnel Accident: एक और श्रमिक सुरक्षित बाहर, अब एक की तलाश

THDC Tunnel Accident: एक और श्रमिक सुरक्षित बाहर, अब एक की तलाश
THDC Tunnel Accident

देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जिले में टीएचडीसी की विष्णुगाड़–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग (THDC Tunnel Accident) में पांच दिन पहले हुए हादसे के बाद मंगलवार को एक और श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। रेस्क्यू टीम अभी भी लापता एक श्रमिक की तलाश कर रही है।

जिले के मायापुर क्षेत्र में 13 अगस्त को हुई दुर्घटना के बाद से राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।

अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को बचाव अभियान के दौरान एक और श्रमिक को सुरंग से बाहर निकाला गया। उसे तत्काल जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। इसके बाद अब एक श्रमिक की तलाश शेष है। बचाव दल सुरंग के अंदर संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं।

बचाव अभियान में सुरंग के भीतर जमा कीचड़ और मलबे को हटाने के साथ पानी की निकासी पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए सक्शन पंप और अन्य उपकरणों की मदद ली जा रही है, ताकि बचाव दल सुरंग के अंदर आगे बढ़कर लापता श्रमिक तक पहुंच सकें।

जिला प्रशासन के मुताबिक, बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए आवश्यक संसाधन मौके पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि लापता श्रमिक की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि इस हादसे में आठ लोगों का मौत हो चुकी है। वहीं 12 श्रमिक घायल हुए, जिन्हें सुरंग से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।