तटबंध से अस्पताल तक पहुंची विधानसभा समिति, विकास कार्यों परखी जमीनी हकीकत

तटबंध से अस्पताल तक पहुंची विधानसभा समिति, विकास कार्यों परखी जमीनी हकीकत

बिजनौर: उत्तर प्रदेश विधानसभा की सरकारी आश्वासन संबंधी समिति ने शुक्रवार को बिजनौर जिले का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों और सरकारी संस्थानों का निरीक्षण किया। समिति के संयोजक और संभल से सपा विधायक इकबाल महमूद के नेतृत्व में पहुंची टीम में राम खिलाड़ी सिंह यादव, राजेंद्र कुमार और मनोज कुमार प्रजापति शामिल रहे।

समिति ने सबसे पहले गंगा नदी के लेफ्ट अफ्लैक्स बंध यानी रावली तटबंध पर पहुंचकर बाढ़ सुरक्षा के लिए किए गए कार्यों का जायजा लिया। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता कर्ण पाल सिंह ने समिति को बताया कि संवेदनशील तटबंध की सुरक्षा के लिए करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से परियोजना पूरी की गई है।

परियोजना में आधुनिक स्पेशल एसीबीएम (Articulated Concrete Block Mattress) तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, काम करने वाली फर्म को अब तक 9.25 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है और यही फर्म अगले पांच वर्षों तक तटबंध के रखरखाव की जिम्मेदारी भी संभालेगी। कार्य की गुणवत्ता से संतुष्ट समिति सदस्यों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों की सराहना की।

इसके बाद समिति धर्मनगरी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय पहुंची। विधायकों ने स्कूल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के साथ छात्राओं से बातचीत की। सदस्यों ने छात्राओं से गणित के पहाड़े भी सुने, जिनका उन्होंने उत्साह के साथ सही जवाब दिया। समिति ने विद्यालय की पढ़ाई, साफ-सफाई और छात्राओं के खान-पान की व्यवस्था पर संतोष जताया।

विधायकों ने छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करने की प्रेरणा दी। इसके बाद समिति ने जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। यहां इमरजेंसी, ओपीडी, विभिन्न वार्डों, रसोईघर और दवा वितरण केंद्र की व्यवस्थाओं को परखा गया।

समिति ने डॉक्टरों की मौजूदगी और दवाओं की उपलब्धता की भी जानकारी ली। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया गया कि भर्ती मरीजों के बेड की चादरें रोजाना बदली जाएं। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की भी हिदायत दी गई।

निरीक्षण के बाद समिति के अध्यक्ष इकबाल महमूद ने कहा कि बिजनौर में स्थानीय प्रशासन ने विकास कार्यों और व्यवस्थाओं को लेकर अच्छा काम किया है। उन्होंने कहा कि समिति जिले में कराए गए विकास कार्यों और व्यवस्थाओं के निरीक्षण से संतुष्ट है।

दौरे के दौरान डीएम जसजीत कौर, एसडीएम स्मृति मिश्रा, एसपी केके विश्नोई, सिंचाई विभाग के एक्सईएन कर्ण पाल सिंह, सीएमओ समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।