विश्व जागरण
Top News

हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने का है प्रयास : मुख्यमंत्री

Bindu Mishra
November 28, 2026
4 min read
हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने का है प्रयास : मुख्यमंत्री

मथुरा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद स्थित फरह क्षेत्र के गऊ-ग्राम, परखम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए गौ संरक्षण को ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध कृषि, ग्रामीण विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता से भी है। उन्होंने गौ सेवा को आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, पशु चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़ने की पहल को महत्वपूर्ण बताया।

पशु आयुर्वेद में डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू, कई संस्थानों का लोकार्पण और शिलान्यास

कार्यक्रम के दौरान पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र तथा श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण हुआ।

वहीं, आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय और आवासीय परिसर की आधारशिला रखी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये प्रकल्प भविष्य में पशु चिकित्सा, अनुसंधान, प्रशिक्षण और गोवंश संरक्षण के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। यहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थी और शोधार्थी आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे।

प्राचीन परंपराओं और आधुनिक विज्ञान का समन्वय जरूरी: धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ सेवा और गोवंश संरक्षण का विशेष महत्व रहा है। मथुरा भगवान श्रीकृष्ण की कर्मभूमि होने के साथ भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन के अनेक प्रसंग गौमाता के प्रति उनके प्रेम और सम्मान को दर्शाते हैं। आज आवश्यकता इस बात की है कि गौ सेवा को केवल पारंपरिक व्यवस्था तक सीमित न रखकर आधुनिक शिक्षा, अनुसंधान और चिकित्सा से भी जोड़ा जाए।

मुख्यमंत्री ने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्राचीन परंपराओं और आधुनिक विज्ञान को एक-दूसरे का पूरक बनाना चाहिए। आयुर्वेद और पारंपरिक ज्ञान से जुड़े विषयों पर वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रोत्साहित करने तथा गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के नए अवसर विकसित करने की आवश्यकता है।

हरिपुर-कालसी को यमुना के प्रमुख धार्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड और ब्रजभूमि के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मां यमुना की पवित्र धारा देवभूमि उत्तराखंड और ब्रजभूमि को आपस में जोड़ती है।

उत्तराखंड के यमुनोत्री धाम से निकलने वाली यमुना नदी विभिन्न क्षेत्रों को जीवन प्रदान करते हुए ब्रजभूमि तक पहुंचती है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के हरिपुर-कालसी का भी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रहा है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, प्राचीन मान्यता है कि यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु हरिपुर-कालसी में यमुना स्नान करने के बाद अपनी यात्रा प्रारंभ करते थे।

उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से हरिपुर-कालसी में मां यमुना के भव्य घाट का निर्माण कराया गया है, जिसका हाल ही में लोकार्पण किया गया। वहां मां यमुना की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने संत समाज और श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी आने तथा मां यमुना की आरती में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण ठोस प्रयासों से संभव

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण केवल उनके गौरव का उल्लेख करने से नहीं, बल्कि उनके संवर्धन के लिए ठोस कार्य करने से संभव है।

उन्होंने नदियों के संरक्षण, गोवंश के संवर्धन, प्राकृतिक खेती और वैज्ञानिक अनुसंधान को भविष्य की महत्वपूर्ण आवश्यकताएं बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में सहायक होंगे।

धामी ने कहा कि दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति द्वारा गौ सेवा को शिक्षा, चिकित्सा और अनुसंधान से जोड़ने के प्रयास उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणादायक हैं।

विकसित भारत के संकल्प में सभी की भागीदारी जरूरी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के विकास में प्रत्येक नागरिक और संस्था की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

उन्होंने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के पदाधिकारियों, गौ सेवकों और सहयोगियों को विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास की बधाई दी।

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी सहित समिति के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें