शेख हसीना की वापसी की मांग पर बांग्लादेश में बवाल, दो BNP नेताओं की हत्या

बांग्लादेश में राजनीतिक हालात एक बार फिर तनावपूर्ण हो गए हैं। शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने 19 नवंबर को देशव्यापी बंद बुलाया है। बंद के बीच पुलिस ने पूर्व शिक्षा मंत्री नुरुल इस्लाम नाहिद और अभिनेत्री ज्योतिका ज्योति को गिरफ्तार किया है। वहीं, नरैल जिले में BNP के दो नेताओं की हत्या कर दी गई। देश के कई हिस्सों में बम धमाकों और आगजनी की घटनाएं भी हुई हैं।
अवामी लीग की मांग है कि शेख हसीना की देश वापसी का रास्ता साफ किया जाए और पार्टी पर लगा प्रतिबंध हटाया जाए। हसीना अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद भारत चली गई थीं। उनकी पार्टी ने 14 से 19 नवंबर तक विरोध प्रदर्शन की घोषणा की थी।
ढाका में सुरक्षा सख्त, कई जिलों में धमाके
बंद को देखते हुए सरकार ने सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी है। पुलिस के अनुसार, पिछले 10 दिनों में कम से कम 28 जिलों में बम धमाके हुए हैं। कई वाहनों को भी आग के हवाले किया गया। ढाका में पुलिस ने एक दिन के भीतर प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े 71 लोगों को गिरफ्तार किया है।
नुरुल इस्लाम नाहिद और ज्योतिका ज्योति गिरफ्तार
पुलिस ने गुरुवार तड़के पूर्व शिक्षा मंत्री नुरुल इस्लाम नाहिद को ढाका के उत्तरा इलाके से पकड़ा। उनके खिलाफ 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान हुई हत्याओं से जुड़े कई मामले दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है।
वहीं, अभिनेत्री ज्योतिका ज्योति को भी उनके सरकारी आवास से गिरफ्तार किया गया। हालांकि, पुलिस ने अभी उनकी गिरफ्तारी के पीछे की वजह नहीं बताई है। उनका नाम अवामी लीग समर्थक कलाकारों और पत्रकारों के एक वॉट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के कारण भी चर्चा में आया था।
BNP की रैली पर हमला, दो नेताओं की मौत
नरैल जिले के कालिया में बुधवार शाम BNP की रैली पर हमला किया गया। इसमें शाहिन और सोहेल मोल्ला की मौत हो गई। दोनों स्थानीय स्तर पर पार्टी से जुड़े पदाधिकारी थे। स्थानीय अधिकारियों ने हमले में प्रतिबंधित अवामी लीग के कार्यकर्ताओं के शामिल होने की आशंका जताई है।
गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया है। सरकार का आरोप है कि विदेश में मौजूद अवामी लीग के नेता अपने समर्थकों को हिंसा के लिए भड़का रहे हैं। बंद, गिरफ्तारियों और लगातार हो रही हिंसक घटनाओं के बीच बांग्लादेश में सियासी संकट गहराता दिखाई दे रहा है।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
